कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति पर टिप्पणी की, जिसकी सत्तारूढ़ भाजपा ने तीखी आलोचना की।
राहुल गांधी ने अमेरिका के वर्जीनिया में एक कार्यक्रम में कहा, “लड़ाई (भारत में) इस बात को लेकर है कि क्या एक सिख को पगड़ी पहनने की इजाजत दी जाएगी…क्या एक सिख को कड़ा पहनने या गुरुद्वारा जाने की इजाजत दी जाएगी। लड़ाई इसी बात को लेकर है और यह सिर्फ सिखों के लिए नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लिए है।”
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने राहुल गांधी पर सिख समुदाय के साथ कांग्रेस पार्टी के इतिहास को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा, “1984 में दिल्ली में 3,000 सिखों का कत्लेआम किया गया, उनकी पगड़ियां उतार दी गईं, उनके बाल काट दिए गए और उनकी दाढ़ी मुंडवा दी गईं। उन्होंने यह नहीं बताया कि यह सब तब हुआ जब कांग्रेस सत्ता में थी।”