पहलगाम आतंकी हमले से आहत भारतीय खेल जगत ने शोक व्यक्त किया
ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा और पीवी सिंधु और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सहित भारतीय खेल जगत ने पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले पर शोक व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।
चोपड़ा ने एक्स पर लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में हुए दुखद हमले से दिल दहल गया है। पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
सिंधु ने भी एक भावुक पोस्ट में लिखा, ‘‘पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के लिए मेरा दिल दुखता है। इतना दर्द। इतना नुकसान। कोई भी किसी भी कारण से ऐसी क्रूरता को उचित नहीं ठहरा सकता। पीड़ित परिवारों का दुख शब्दों से परे है, लेकिन आप अकेले नहीं हैं। हम आपके साथ हैं। ’’
तेंदुलकर ने लिखा, ‘‘प्रभावित परिवार एक अकल्पनीय परीक्षा से गुजर रहे होंगे। भारत और दुनिया दुख की इस घड़ी में उनके साथ है। हम लोगों की मौत पर शोक मनाते हैं और न्याय के लिए प्रार्थना करते हैं।’’
विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ‘‘पीड़ितों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों को शांति और शक्ति मिले और उन्हें क्रूर कृत्य के लिए न्याय मिले, इसके लिए प्रार्थना करता हूं।’’
सिराज ने लिखा, ‘‘धर्म के नाम पर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना और उनकी हत्या करना पूरी तरह से बुराई है। यह कैसी लड़ाई है जहां इंसान की जान की कोई कीमत ही नहीं है। मुझे उम्मीद है कि यह पागलपन जल्द ही खत्म होगा और इन आतंकवादियों को दंडित किया जाएगा।’’
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने लिखा, ‘‘पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना करता हूं। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी होगी। भारत हमला करेगा।’’
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने लिखा, ‘‘इस कायराना हमले में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना है। इसे माफ नहीं किया जा सकता।’’
लंदन ओलंपिक की कांस्य विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना ने लिखा, ‘‘पहलगाम आतंकी हमला उन खतरों की दिल दहला देने वाली याद दिलाता है जिनका हम सामना कर रहे हैं। मेरी प्रार्थनाएं उन आत्माओं और उनके परिवारों के साथ हैं जिन्हें हमने खो दिया। डर फैलाने वाले जान लें कि भारत एकजुट है, और न्याय होगा। जय हिंद।’’
कुंबले ने कहा, ‘‘पहलगाम में हुए दुखद हमले के बारे में सुनकर दिल दहल गया। निरर्थक हिंसा में निर्दोष लोगों की जान चली गई। प्रभावित परिवारों के लिए शक्ति और शांति की प्रार्थना करता हूं। आइए नफरत के खिलाफ एक साथ खड़े हों।’’
sport, sports, sports news, sports news, sports news today, sports news in hindi, cricket, cricket news, cricket news today, hindi news, hindi news today, latest hindi news, latest news update, oxbig, oxbig news, oxbig news today, oxbig news hindi, hindi oxbig
English News