आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी के पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर AK-47 हथियार को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव मंजींदर सिंह सिरसा ने ट्वीट किया है। अब इसको लेकर पुलिस कार्रवाई की मांग की जा रही है। आप विधायक जगदीप कंबोज ‘गोल्डी’ के पिता का नाम सुरिंदर कंबोज है। कथित वीडियो में काला कुर्ता पहने सुरिंदर कंबोज एक गाने पर रील बना रहे हैं जबकि महिला के हाथ में AK-47 दिख रही है।
सिरसा ने अपने ट्वीट में कहा, “पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जी की सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या AAP विधायकों के परिवारों को ऐसे प्रतिबंधित और एडवांस हथियारों को खुलेआम दिखाने की अनुमति है? पंजाब पुलिस के डीजीपी को तुरंत यह जांच करनी चाहिए कि यह हथियार, जो कि पंजाब पुलिस के स्टॉक से प्रतीत होता है, कैसे इस्तेमाल हो रहा है? अगर यह एक आधिकारिक हथियार है, तो किसके आदेश पर इसे एक्सेस किया गया और इसे सार्वजनिक रूप से क्यों दिखाया जा रहा है?”
उन्होंने आगे कहा, “पंजाब में बंदूक हिंसा बढ़ रही है और AAP के एक निर्वाचित प्रतिनिधि के परिवार से आया यह वीडियो गंभीर चिंता का विषय है। यह एक और उदाहरण है कि अरविंद केजरीवाल की AAP कैमरे पर कुछ और कहती है, लेकिन पर्दे के पीछे अलग तरीके से काम करती है।” इस वीडियो के जांच की मांग हो रही है। इस घटना को लेकर अब तक आम आदमी पार्टी या विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सुरिंदर कंबोज पहले भी विवादों में रहे हैं और उन्हें पिछले साल जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। पंजाब के जलालाबाद पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जलालाबाद निवासी प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार की शिकायत के बाद सुरिंदर कंबोज और दो महिलाओं सहित तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इसके अलावा, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आप के जलालाबाद विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज के पिता सुरिंदर कंबोज को फिरोजपुर लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार भी बनाया था। वह इसी साल मायावती की पार्टी में शामिल हुए थे। जानकारी के अनुसार, सुरिंदर कंबोज के खिलाफ जबरन वसूली, धोखाधड़ी आदि के 14 मामले दर्ज हैं।
news, hindi news, punjab news, punjab news today, today punjab news, punjab breaking news, punjab news today, latest news today, chandigarh news, oxbig hindi news, oxbig punjab news, hindi news today,
English News